कोरबा। सोनपुरी से अस्पताल जाने के नाम पर निकला युवक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे। इसी बीच रविवार देर शाम उसकी लाश कुसमुंडा खदान के मुहाने पर मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बोईदा निवासी चंद्रशेखर पटेल (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह कुसमुंडा खदान में नीलकंठ ठेका कंपनी में बतौर ठेका कर्मी कार्यरत था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर अपनी पत्नी को प्रसव के लिए शहर के एक अस्पताल में लाया था। प्रसव के बाद वह दोस्तों से मिलने सर्वमंगला पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम सोनपुरी गया था। रात करीब 10 बजे दोस्तों से मिलकर अस्पताल जाने की बात कहकर वह निकला, लेकिन न तो अस्पताल पहुंचा और न ही घर लौटा।
युवक के लापता होने से चिंतित परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की और सोशल मीडिया के माध्यम से भी उसकी पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान रविवार देर शाम कुसमुंडा खदान के मुहाने पर एक युवक की लाश मिलने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विभव तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पहचान की कार्रवाई के दौरान परिचितों ने शव की शिनाख्त चंद्रशेखर पटेल के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने शव को मर्च्युरी शिफ्ट कर दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों और पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


