बिलासपुर ब्रेकिंग न्यूज: पूर्व सरपंच की बेरहमी से हत्या, गांव में दहशत का माहौल

CG.ई ख़बर


बिलासपुर (CG ई खबर) :
 सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम चोर भट्टी खुर्द में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। पंचायत के पूर्व सरपंच मनबोध यादव की अज्ञात बदमाशों ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि गांव में दहशत का माहौल है।


पूरी रात घर नहीं लौटे, सुबह मिला खून से लथपथ शव

जानकारी के अनुसार मनबोध यादव रात करीब 8 बजे स्कूटी से घूमने निकले थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ी।
सुबह खोजबीन के दौरान उनका शव गांव के पास स्थित मुर्गा फार्म हाउस के पास खून से सना मिला। यह वही जगह है जहां अक्सर लोग शराब पीने के लिए जुटते हैं।

करीब जाकर देखने पर पता चला कि हमलावरों ने सिर पर धारदार हथियार से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया है। शुरुआती अंदेशा है कि हमलावर सुनसान जगह देखकर पहले से घात लगाए बैठे थे।


फॉरेंसिक टीम मौके पर, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी

सूचना मिलते ही सकरी पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में लिया।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए।
पुलिस पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद या अन्य किसी दुश्मनी को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


कोरबा में भी सनसनी: तंत्र-मंत्र के चक्कर में 3 लोगों की संदिग्ध मौत

इधर कोरबा के कुदरी गांव (उरगा थाना क्षेत्र) में भी देर रात बड़ा हादसा सामने आया है। कबाड़ व्यापारी मोहम्मद अशरफ मेमन समेत तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

पहली जांच में खुलासा हुआ है कि तीनों को 5 लाख रुपये को तंत्र-मंत्र के जरिए 2.5 करोड़ में बदल देने का झांसा दिया गया था और यह कथित अनुष्ठान अशरफ मेमन के फार्म हाउस में चल रहा था।

मृतकों की पहचान —

  • सुरेश साहू, तुलसी नगर कोरबा
  • मोहम्मद अशरफ, पुरानी बस्ती कोरबा
  • नीतीश कुमार, दुर्ग

बताया जा रहा है कि बिलासपुर से एक बैगा (ओझा) और उसकी टीम इस रिचुअल के लिए यहां पहुंची थी।


शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई

परिजनों का आरोप है कि यह साधारण मौत नहीं है।
तीनों के शरीर पर कई खरोंच और चोट के निशान मिले हैं, जिससे शक और गहरा हो गया है कि उनके साथ मारपीट या किसी तरह की जोर-जबरदस्ती की गई होगी।

मामले में पुलिस ने बैगा और उसके साथ आए तीन प्रत्यक्षदर्शियों को हिरासत में ले लिया है।
मृतकों के मोबाइल, घटनास्थल पर मिला सामान और बैगा की गतिविधियों की जांच की जा रही है।

एक मृतक के मुंह में नींबू मिलने से यह साफ होता है कि वहां कोई तांत्रिक क्रिया चल रही थी।


लोगों में खौफ, पुलिस रिपोर्ट पर टिकी निगाहें

यह पूरा मामला कोरबा और आसपास के इलाकों में भय और अफवाहों का माहौल बना रहा है।
पैसा कई गुना बढ़ाने के लालच में जानलेवा खेल?
परिजन हत्या की आशंका पर अड़े हैं और न्याय की मांग कर रहे हैं।

अब इंतजार है—
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की विस्तृत जांच रिपोर्ट का।

3/related/default