कोरबा (CG ई खबर | जिला संवाददाता : सत्या पटेल) — कोरबा जिले के नेवसा सुपेतपारा में ठंड से बचने के लिए जलाए गए अलाव ने एक दर्दनाक हादसा पैदा कर दिया। 55 वर्षीय सहेतर सिंह रात के समय अलाव के पास सोते हुए अचानक आग की लपटों की चपेट में आ गए, जिससे वे बुरी तरह से झुलस गए।
जानकारी के अनुसार, हरदी बाजार क्षेत्र के नेवसा सुपेतपारा में सहेतर सिंह खेत की फसल काटकर आंगन में रखी खरही की रखवाली कर रहे थे। कड़ाके की ठंड से बचने के लिए उन्होंने अलाव जलाया और वहीं सो गए। देर रात अचानक संतुलन बिगड़ने से वे सीधे अलाव में गिर पड़े। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बताया कि सहेतर सिंह करीब 90% तक जल चुके हैं, जिससे उनकी हालत बेहद गंभीर हो गई है। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत बिलासपुर रेफर किया गया।
डॉक्टरों ने ठंड के दिनों में अलाव के उपयोग को लेकर सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि खुले में या बंद कमरों में जलाए गए अलाव से लापरवाही गंभीर हादसों को जन्म दे सकती है। खासकर बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष एहतियात बरतना जरूरी है।


