शराब पार्टी के बाद लिव-इन पार्टनर की हत्या सिर दीवार पर पटका, लाश बोरी में भरकर नाली में फेंकी

CG.ई ख़बर


दो शादियां छोड़ चुकी थी महिला, आरोपी प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार

[ CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ ]

भिलाई।
छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर से एक दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। शराब पार्टी के बाद हुए विवाद में एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरोपी ने अपने भाई और दोस्त की मदद ली। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है।

लिव-इन में रह रहे थे दोनों

पुलिस के अनुसार, भिलाई निवासी आरती निर्मलकर उर्फ भारती (34) पिछले 4–5 महीनों से तुलाराम बंजारे (33) के साथ कोसानगर इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी।
5 दिसंबर 2025 की शाम दोनों ने साथ में शराब पार्टी की और खाना खाया। नशे की हालत में किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

गला दबाया, सिर दीवार पर पटका

गुस्से में आकर तुलाराम ने पहले आरती को थप्पड़ मारा, फिर गला दबाया और उसका सिर दीवार पर जोर से पटक दिया। गंभीर चोट लगने से आरती की मौके पर ही मौत हो गई।

सबूत मिटाने की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी ने साक्ष्य छिपाने के इरादे से मृतका के कपड़े उतारकर चूल्हे में जला दिए। इसके बाद शव को घुटनों से मोड़कर प्लास्टिक की रस्सी से बांधा और एक प्लास्टिक बोरी में भर दिया।

भाई और दोस्त ने दिया साथ

तुलाराम ने घटना की जानकारी अपने भाई गोवर्धन प्रसाद बंजारे (28) और ऑटो चालक दोस्त शक्ति भौयर (42) को दी। तीनों ने मिलकर शव को ऑटो में रखा और शहर में कई घंटों तक घूमते रहे।
चंद्रा–मौर्या अंडर ब्रिज के पास लोगों की आवाजाही अधिक होने के कारण वे देर रात तक मौके की तलाश करते रहे। तड़के करीब 3 बजे शव को नाली में फेंककर फरार हो गए।

8 दिन बाद मिला शव

13 दिसंबर को नाली से प्लास्टिक बोरी में बंद महिला का शव बरामद हुआ। पहचान के लिए पुलिस ने मृतका के हाथ पर बने टैटू की जानकारी सार्वजनिक की। इसके बाद एक परिचित महिला ने शव की पहचान आरती निर्मलकर के रूप में की।
पूछताछ के बाद 17 दिसंबर को तुलाराम को हिरासत में लिया गया, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने 18 दिसंबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

दो शादियां छोड़ चुकी थी मृतका

पुलिस के अनुसार आरती की पहले दो शादियां हो चुकी थीं। उसने अपने पहले पति सुरेश और दूसरे पति लखन का नाम हाथ पर टैटू के रूप में गुदवाया था। दोनों पतियों से अलग होने के बाद वह तुलाराम के साथ लिव-इन में रह रही थी।

शराब की लत बनी विवाद की वजह

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि आरती को शराब और तंबाकू की लत थी। नशे की हालत में वह अक्सर झगड़ा करती थी, जिससे आसपास के लोग भी परेशान रहते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था, जो 5 दिसंबर को हत्या में बदल गया।

पुलिस के सामने कई सवाल

घटना स्थल व्यस्त इलाका होने के बावजूद 8 दिनों तक शव का पता न चलना पुलिस के लिए बड़ा सवाल बना हुआ है। सुबह-शाम लोगों की आवाजाही, आवारा कुत्तों की मौजूदगी और आसपास दुकानों में तैनात गार्ड के बावजूद किसी की नजर शव पर नहीं पड़ना जांच का विषय बना हुआ है।

फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

3/related/default