गुरु घासीदास जयंती मनाकर लौटते वक्त अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
छुट्टी पर श्रीनगर से घर आया था जवान, तड़के हुआ दर्दनाक हादसा
[CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ]
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र में गुरुवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में CRPF के जवान की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा लालखदान ओवरब्रिज के पास उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक से कोरबा से बिलासपुर लौट रहे थे।
मृतक की पहचान मनीष कुमार आदिले (निवासी – जोरहाडबरी, हरदीबाजार, जिला कोरबा) के रूप में हुई है। मनीष CRPF में पदस्थ थे और वर्तमान में उनकी पोस्टिंग श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में थी। वे हाल ही में छुट्टी लेकर अपने गृहग्राम आए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार को मनीष अपने मित्र उदय पाल के साथ गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल होने गांव गए थे। समारोह के बाद गुरुवार तड़के करीब तीन बजे दोनों बाइक से बिलासपुर लौट रहे थे। जैसे ही वे तोरवा क्षेत्र स्थित लालखदान ओवरब्रिज के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में मनीष कुमार आदिले के सिर में गंभीर चोट आई, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई, जबकि उदय पाल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को गृहग्राम ले गए, जहां सैनिक सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जवान की शहादत की खबर मिलते ही अस्पताल और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों और परिचितों की भारी भीड़ जमा हो गई।
फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच जारी है।


