एड्स जागरूकता पखवाड़ा के तहत निकाली गई रैली, बचाव की दी गई जानकारी

CG.ई ख़बर


[CG ई खबर : विजय चौहान | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ]

बिलासपुर। विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में जिला एड्स नियंत्रण समिति, बिलासपुर द्वारा 1 दिसंबर से 15 दिसंबर तक एड्स जागरूकता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को सीएमएचओ कार्यालय से एड्स जागरूकता रैली निकाली गई।

रैली सीएमएचओ कार्यालय से प्रारंभ होकर महामाया चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गुजरी। इस दौरान आमजन को एचआईवी/एड्स से बचाव, जांच एवं उपचार के प्रति जागरूक किया गया।

रैली में पोस्टर, नारे और पेंटिंग के माध्यम से सुरक्षित व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। साथ ही मितानिनों द्वारा समुदाय स्तर पर घर-घर संपर्क कर लोगों को एचआईवी/एड्स से संबंधित आवश्यक जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा ट्रक ड्राइवरों एवं अन्य जोखिम समूहों को भी विशेष रूप से जागरूक किया जा रहा है।

इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने बताया कि जागरूकता अभियान के तहत पेंटिंग प्रतियोगिता, जागरूकता रैली, सामुदायिक संवाद एवं परामर्श जैसे विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में नशे, विशेषकर इंजेक्शन ड्रग्स के उपयोग से संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है, इसलिए साझा सुइयों के उपयोग से बचने और नियमित जांच कराने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

जिला एड्स नियंत्रण समिति की नोडल अधिकारी डॉ. गायत्री बांधी ने कहा कि एड्स से बचाव के लिए सुरक्षित व्यवहार, सही जानकारी और समय पर जांच अत्यंत आवश्यक है। समय रहते संक्रमण की पहचान होने पर उपचार अधिक प्रभावी सिद्ध होता है।

3/related/default