CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा में दिनदहाड़े जनप्रतिनिधि की हत्या, सड़क निर्माण स्थल पर धारदार हथियारों से हमला


(
CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर) : 
कोरबा जिले से सोमवार को एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कारखाना मोहल्ला निवासी, भारतीय जनता पार्टी से जुड़े वरिष्ठ नेता, जनपद सदस्य एवं ठेकेदार अक्षय गर्ग की दिनदहाड़े बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात बदमाशों ने उन पर खुलेआम धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया, जिसमें गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच की है। अक्षय गर्ग ग्राम केशलपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान एक काले रंग की कार से पहुंचे तीन अज्ञात हमलावरों ने अचानक उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।

हमले के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल अक्षय गर्ग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर मिलते ही कटघोरा सहित पूरे जिले में हड़कंप मच गया। अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, समर्थक और परिजन जुट गए। माहौल शोकपूर्ण होने के साथ-साथ आक्रोश से भर गया।

सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। जिला स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

दिनदहाड़े एक जनप्रतिनिधि की इस नृशंस हत्या ने जिले की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads