चिकित्सक पर हमला: लाइन में लगने की सलाह पर भड़के युवकों ने डॉक्टर से की मारपीट

CG.ई ख़बर


(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)

गेवरा, कोरबा | 29 दिसंबर 2025 दीपका क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य सेवा देकर लौट रहे नेहरू शताब्दी अस्पताल (एनसीएच) के चिकित्सक डॉ. अर्पण विश्वास पर चार युवकों द्वारा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक मरीज को लाइन में लगने की सामान्य सलाह देना इस हिंसक घटना की वजह बना।

स्वास्थ्य शिविर में शुरू हुआ विवाद

यह घटना 28 दिसंबर की है। ग्राम रलिया में कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के तहत आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में डॉ. अर्पण विश्वास मरीजों का उपचार कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम रलिया निवासी रामनारायण पटेल इलाज के लिए पहुंचा। डॉक्टर द्वारा अन्य मरीजों की तरह लाइन में खड़े होने की बात कहने पर वह नाराज हो गया और कथित रूप से डॉक्टर को धमकी देने लगा।

लौटते समय रास्ते में हमला

शिविर समाप्त होने के बाद जब डॉ. विश्वास अपने स्टाफ और एम्बुलेंस कर्मियों के साथ वापस लौट रहे थे, तभी रास्ते में रामनारायण पटेल, नीरज पटेल सहित दो अन्य युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि चारों ने गाली-गलौज करते हुए डॉक्टर पर लात-घूंसों से हमला कर दिया।
हमले में डॉ. विश्वास को आंख, सीने और पीठ में गंभीर चोटें आई हैं।

थाने में दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद डॉक्टर और उनका स्टाफ किसी तरह सुरक्षित निकलकर पहले दीपका थाना पहुंचे। जांच में मामला हरदीबाजार थाना क्षेत्र का पाए जाने पर वहां अपराध दर्ज किया गया।
हरदीबाजार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपियों की तलाश एवं आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा पर सवाल

इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कर्मियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निःशुल्क सेवा दे रहे डॉक्टर पर हमला होना न केवल निंदनीय है, बल्कि समाज के लिए चिंताजनक संकेत भी है।

3/related/default