कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा के अमलडीहा और तौलीपाली ग्राम पंचायतों में पंचायत मद की राशि से जुड़ी बड़ी धोखाधड़ी के मामले उजागर हुए हैं। दोनों ही मामलों में पंचायत प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अमलडीहा पंचायत में 2.58 लाख की धोखाधड़ी उजागर
ग्राम पंचायत अमलडीहा में सरपंच विष्णु प्रसाद और सचिव अशोक कुमार राठिया ने थाना श्यांग में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, स्वयं को जनमन पत्रिका का पत्रकार बताने वाला आर.के. परिहार 03 सितंबर 2025 को पंचायत पहुंचा और 26 जनवरी के बधाई संदेश विज्ञापन के नाम पर राशि की मांग की।
पंचायत की ओर से 2500 रुपये का चेक (क्रमांक 845763) जारी किया गया था, जिसमें राशि हिंदी में अंकित थी।
आरोप है कि आर.के. परिहार ने कुटरचना कर हिंदी में लिखे 2500 रुपये को अंग्रेजी में बदलकर 2,58,300 रुपये कर दिया।
यह राशि 4 दिसंबर 2025 को दिल कुमार, निवासी कुदमुरा के कैनरा बैंक टीपी नगर शाखा के खाते में जमा कर आहरित कर ली गई।
तौलीपाली पंचायत में भी 37 हजार की गड़बड़ी
इसी तरह तौलीपाली पंचायत में भी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।
सरपंच और सचिव द्वारा जारी 1500 रुपये के चेक में छेड़छाड़ कर राशि बढ़ाकर करीब 37,000 रुपये निकाल लिए गए।
जब पंचायत प्रतिनिधियों को खाते से राशि कटने का मैसेज मिला, तो वे 5 दिसंबर को बैंक पहुंचे। जाँच के दौरान धोखाधड़ी की पुष्टि हो गई।
कड़ी कार्रवाई की मांग
दोनों पंचायतों के प्रतिनिधियों ने चेक में कुटरचना और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। प्रशासनिक स्तर पर भी मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की अपेक्षा की जा रही है।



