(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
छत्तीसगढ़ / जांजगीर-चाम्पा जिले के नवागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरा में 21 वर्षीय युवती की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की खबर फैलते ही आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और आरोपियों को फांसी देने की मांग की। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी व विधि सम्मत कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया।
खेत में मिला अर्धनग्न शव, शॉर्ट पीएम में हत्या की पुष्टि
घटना 27 जनवरी की सुबह की है, जब ग्राम पिपरा के बीच स्थित एक खेत में 21 वर्षीय युवती पूजा महंत (पिता—विशंभर दास) का अर्धनग्न शव कीचड़ में लथपथ अवस्था में मिला। शव मिलने से गांव और आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर नवागढ़ थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य एकत्र किए। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि हुई।
परिजनों ने जताई दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका
शव की स्थिति को देखते हुए परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई, जिससे मामला और गंभीर हो गया। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहन जांच शुरू की।
प्रेमी निकला हत्यारा, कोरिया जिले से गिरफ्तारी
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन सुबह करीब 4 बजे पूजा घर से निकलते हुए देखी गई थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। मोबाइल कॉल डिटेल और संपर्कों की जांच में उसके प्रेम संबंधों की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस का संदेह उसके प्रेमी पर गहराया।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रवीण चन्द्रा को कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। मामले में आरोपी के बड़े भाई को भी हिरासत में लिया गया है।
कीचड़ में मुंह दबाकर की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बताया कि किसी बात को लेकर उसका पूजा से विवाद हो गया था। विवाद बढ़ने पर उसने पूजा को खेत में ले जाकर कीचड़ में उसका मुंह दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छुपाने के उद्देश्य से शव को वहीं छोड़कर फरार हो गया।
फिलहाल नवागढ़ पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

