2 लाख रुपये के विद्युत केबल व तार चोरी मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार
(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
कोरबा। जिले में कबाड़ कारोबार की आड़ में संगठित चोरी गिरोह चलाने वाले एक बड़े मामले का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। 26 जनवरी की रात गोदाम से बड़े पैमाने पर विद्युत केबल व तार चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस ने कबाड़ी मदन अग्रवाल सहित 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
घरेलू कबाड़ दुकान की आड़ में चोरी का सामान खरीदने, उसे बाहर ले जाकर खपाने और सरकारी संपत्तियों की चोरी कराने वाले इस नेटवर्क पर अंततः पुलिस का शिकंजा कस गया। खास बात यह है कि आज सुबह ही पूर्व में सील किए गए कबाड़ गोदाम के बगल में चल रहे अवैध धंधे पर भी कार्रवाई हुई, जिससे यह स्पष्ट होता है कि अवैध कारोबार पर नियंत्रण को लेकर मुखबिरी तंत्र और कुछ थाना प्रभारियों की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ऐसे सामने आया मामला
दिनांक 27 जनवरी 2026 को प्रार्थी द्वारा थाना उरगा में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। प्रार्थी वैष्णव ट्रेडिंग कंपनी के प्रोप्राइटर हैं, जिनकी कंपनी द्वारा ग्राम लबेद में आरडीएसएस योजना के अंतर्गत विद्युत विभाग का केबल कन्वर्जन कार्य किया गया था।
कार्य पूर्ण होने के बाद शेष सामग्री ग्राम लबेद स्थित गोदाम में रखी गई थी।
दिनांक 26.01.2026 की रात अज्ञात चोरों ने गोदाम से—
- लगभग 400 मीटर एल्यूमिनियम केबल (70 स्क्वायर) कीमत करीब ₹80,400/-
- लगभग 400 किलोग्राम एल्यूमिनियम तार, कीमत करीब ₹1,33,000/-
चोरी कर ली।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना उरगा में अपराध क्रमांक 67/2026 धारा 331(4), 305, 3(5) बीएनएस एवं 111(2), 317(4) बीएनएसएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
संदिग्ध वाहन से हुआ गिरोह का खुलासा
विवेचना के दौरान मुखबिर सूचना, तकनीकी साक्ष्य और संदेह के आधार पर पुलिस टीम ने एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया।
पुलिस ने संदिग्ध वाहन CG 12 AU 1442 को रोककर पूछताछ की, जिसमें सवार आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
आरोपियों के कब्जे से चोरी गया संपूर्ण एल्यूमिनियम केबल व तार बरामद कर विधिवत जप्त किया गया।
योजना और नेटवर्क पर अब भी सवाल
हालांकि पुलिस ने चोरी का मामला सुलझा लिया है, लेकिन जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह स्पष्ट नहीं किया गया कि—
- इतनी बड़ी चोरी की योजना कैसे बनाई गई
- गोदाम से चोरी को किस तरह अंजाम दिया गया
- चोरी के बाद तार कहां और किसे बेचने की तैयारी थी
फिलहाल राहत की बात यह है कि चोरी का माल खपने से पहले ही पुलिस ने गिरोह को पकड़ लिया। प्लास्टिक, पुट्ठा, शीशी और बोतल खरीदने की आड़ में वाहनों की कटिंग, सरकारी संपत्तियों की चोरी और कबाड़ के जरिए अवैध कारोबार चलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है।
🔹 गिरफ्तार आरोपी
-
मदन अग्रवाल, पिता स्व. बालक राम अग्रवाल, उम्र 43 वर्ष
निवासी – कोरकोमा रोड, झगरहा, थाना सिविल लाइन रामपुर
(मुख्य आरोपी) -
सुरेश कुमार सोहा, पिता दारा सिंह सोहा, उम्र 34 वर्ष
निवासी – जलालपुर, जिला जींद (हरियाणा) -
संजय मंडावर, पिता शूरवीर राम मंडावर, उम्र 28 वर्ष
निवासी – थाना सदर, जिला रोहतक (हरियाणा) -
सचिन बागड़ी, पिता प्रेम सिंह बागड़ी, उम्र 25 वर्ष
निवासी – जिला रोहतक (हरियाणा) -
अर्जुन गोड़, पिता परशराम गोड़, उम्र 22 वर्ष
निवासी – थाना पाली, जिला कोरबा (छ.ग.) -
सागर कुमार बरेठ, पिता देवनारायण बरेठ, उम्र 22 वर्ष
निवासी – थाना जांजगीर, जिला जांजगीर-चांपा (छ.ग.)
सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विद्युत संपत्ति की चोरी एवं संगठित अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या चोरी संबंधी सूचना तत्काल पुलिस को दें।


