CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

मकान मालिक के घर काम करने वाली महिला ही निकली चोरी की आरोपी


सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, जेवरात खरीदने वाला भी गिरफ्तार

(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

छत्तीसगढ़ | कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में एक मकान से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा किया है। हैरान करने वाली बात यह रही कि चोरी की वारदात को अंजाम देने वाली कोई बाहरी नहीं, बल्कि मकान मालिक के घर काम करने वाली महिला ही निकली।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुख्यमार्ग पर स्थित भानु डेंटल क्लिनिक के प्रथम तल में कमल किशोर दुबे निवास करते हैं। उनके घर से बीते कुछ समय से लगातार नगदी और जेवरात गायब हो रहे थे, जिससे वे काफी परेशान थे।

संदेह के आधार पर मकान मालिक ने घर में सीसीटीवी कैमरे लगवाए। कैमरे लगने की जानकारी से अनजान घर में काम करने वाली महिला माना बाई चोरी की वारदात को अंजाम देती रही। बाद में जब सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो महिला चोरी करते हुए कैमरे में स्पष्ट रूप से कैद पाई गई।

इसके बाद कमल किशोर दुबे ने बांकीमोंगरा थाना में शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने चोरी की घटना को स्वीकार कर लिया।

पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि चोरी किए गए जेवरात उसने पुरुषोत्तम सोनी को बेच दिए थे। पुलिस ने इस सूचना के आधार पर पुरुषोत्तम सोनी को भी गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने

  • 3600 रुपये नगद,
  • एक जोड़ी झुमका (टॉप)
  • एक जोड़ी पायल
    बरामद की है।

फिलहाल पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads