CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

पति की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, बच्चों ने खोली मां की साजिश


जहर देकर मारने के बाद आत्महत्या दिखाने की कोशिश, प्रेम प्रसंग का खुलासा

(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)

कोरबा | दर्री छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने ही पति को कीटनाशक जहर पिलाकर मौत के घाट उतार दिया। मामला दर्री थाना अंतर्गत लाटा बस्ती का है, जहां 28 जनवरी की सुबह पहले इसे आत्महत्या का मामला बताया गया, लेकिन कुछ ही घंटों में इस केस ने खौफनाक मोड़ ले लिया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक को जहर सेवन के बाद उसकी पत्नी स्वयं अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। महिला ने पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की, लेकिन सच्चाई ज्यादा देर तक छिप नहीं सकी।

मासूम बच्चों ने खोली मां की साजिश

पिता की मौत के बाद मृतक के मासूम बच्चे अपने चाचा के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और जो बयान दिया, उसने पुलिस को भी चौंका दिया। बच्चों ने साफ तौर पर बताया कि उनकी मां ने ही कीटनाशक दुकान से जहर मंगवाया था। उसने कहा था कि वह पौधों में डालने के लिए कीटनाशक ला रही है, लेकिन बाद में उसी जहर को गिलास में मिलाकर उनके पिता को पिला दिया।

हत्या का मामला दर्ज, पत्नी गिरफ्तार

बच्चों के बयान के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि मामले में हत्या का अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। आरोपी पत्नी को अस्पताल से ही गिरफ्तार कर लिया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने प्रेम प्रसंग की बात कबूल की है। पुलिस को जानकारी मिली है कि महिला का एक अन्य युवक से संबंध था, जिसकी तलाश में पुलिस टीम रायगढ़ रवाना हो गई है।

इलाके में सनसनी, समाज में चिंता

देशभर में पति-पत्नी के रिश्तों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बीच कोरबा से सामने आई यह घटना पूरे क्षेत्र में सनसनी का विषय बनी हुई है। मासूम बच्चों द्वारा अपनी ही मां के खिलाफ सच सामने लाना इस मामले को और भी दर्दनाक बना देता है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी के प्रेमी की तलाश जारी है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads