(CG ई खबर | बिलासपुर संभाग ब्यूरो चीफ : विजय चौहान)
जांजगीर-चांपा। जिले के व्यस्त नेताजी चौक पर शुक्रवार शाम उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई, जब एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। मुआवजे की मांग को लेकर हुए इस प्रदर्शन के कारण मुख्य मार्ग पर करीब छह घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक हरिचरण प्रधान, निवासी खोखसा गांव (जांजगीर थाना क्षेत्र), स्थानीय नेताजी फर्नीचर में कार्यरत थे। कुछ दिन पूर्व कार्य के दौरान वे सीढ़ी से फिसलकर गिर गए, जिससे उनके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया था। इसके बाद उन्हें चांपा स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई और अंततः उनकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे। वे शव को लेकर नेताजी चौक पहुंचे और फर्नीचर संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। लंबी चर्चा और समझाइश के बाद दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ।
समझौते के तहत तय किया गया कि फर्नीचर संचालक मृतक के बच्चों के नाम आठ लाख रुपये की फिक्स्ड डिपॉजिट कराएगा, वहीं तत्काल सहायता के रूप में परिवार को 50 हजार रुपये नकद प्रदान किए जाएंगे।
इसके बाद परिजनों ने आंदोलन समाप्त किया, शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया और करीब छह घंटे बाद यातायात बहाल हो सका।


