दिनदहाड़े चाकूबाजी से दहशत, युवक की मौत — पुलिस कमिश्नर प्रणाली पर उठे सवाल

CG.ई ख़बर


रायपुर: दिनदहाड़े चाकूबाजी, युवक की मौत से हड़कंप

Raipur Chakubaji News | Crime News

छत्तीसगढ़ / रायपुर(CG ई खबर) : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की गई है, लेकिन इसके बावजूद आपराधिक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला समता कॉलोनी से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दुर्गेश साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दुर्गेश नशे का आदी था। पुलिस के मुताबिक, किसी अज्ञात आरोपी ने दुर्गेश की जांघ पर चाकू से हमला किया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना गुरुवार दोपहर करीब 4 बजे की बताई जा रही है। खास बात यह है कि जिस समय वारदात हुई, उस दौरान इलाके में पुलिस की सघन चेकिंग चल रही थी, इसके बावजूद हमलावर मौके से फरार होने में सफल रहा। घटना के बाद समता कॉलोनी क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अज्ञात आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।

3/related/default