(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)
रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत हाई स्कूल खम्हार के स्कूल परिसर में एक महिला शिक्षक के साथ छेड़खानी, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में सहायक शिक्षक ऋषीकेश सदावर्ती (उम्र 36 वर्ष) के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
थाना लैलूंगा में दर्ज FIR क्रमांक 0018/26 के अनुसार, पीड़िता श्रीमती गायत्री भगत की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
प्राथमिकी में उल्लेख है कि घटना 14 अक्टूबर 2025 की सुबह लगभग 10 बजे की है, जब स्कूल प्रांगण के भीतर आरोपी ने कथित तौर पर महिला शिक्षक के साथ अश्लील गाली-गलौज की, उनका हाथ पकड़कर जोर से मरोड़ा तथा उनकी लज्जा भंग की। जांच के दौरान आरोपों की पुष्टि पाए जाने पर 21 जनवरी 2026 को औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज की गई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद मामले को दबाने का प्रयास किया गया। स्कूल प्रशासन से जुड़े कुछ व्यक्तियों द्वारा केस वापस लेने, स्थानांतरण कराने का दबाव बनाया गया तथा धमकियां भी दी गईं।
लैलूंगा पुलिस के अनुसार, प्रकरण की जांच सहायक उप निरीक्षक द्वारा की जा रही है। सभी पहलुओं की गहन जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
स्कूल परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर हुई इस घटना ने शिक्षा व्यवस्था की सुरक्षा और महिला सम्मान को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

