(CG ई खबर | कोरबा जिला रिपोर्टर : नारायण चंद्राकर)
छत्तीसगढ़ / रायगढ़। सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया। डोंगरीपाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत झाल में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। इस तिहरे हत्याकांड के बाद गांव में दहशत और मातम का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4:30 बजे कुमार साय सारथी का परिवार गहरी नींद में था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला तुलसी दास सारथी कथित रूप से धारदार कुल्हाड़ी लेकर घर में घुसा और सो रहे परिजनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
कुल्हाड़ी के हमले में राजेश सारथी, बुजुर्ग महिला मदो बाई सारथी और उनके नाती प्रशांत सारथी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। खून से सना घर का मंजर इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी। वहीं कुमार साय सारथी और उनकी बहू शकुंतला सारथी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए रेफर किया गया है। दोनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पूर्व में भी विवाद की स्थिति रही थी, लेकिन किसी को यह अंदेशा नहीं था कि मामला इस हद तक हिंसक मोड़ ले लेगा। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा।











