कोरबा पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
एक सप्ताह में 59 गिरफ्तारी, 24 वारंटी धराए
(CG ई खबर | दर्री ब्लॉक रिपोर्टर : सरस्वती मरकाम)
कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा लगातार सख्त और सुनियोजित कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के कड़े निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री लखन पटले एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा श्री नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के तीनों अनुभागों में विशेष अभियान चलाया गया।
इस विशेष अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने कुल 24 वारंटियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 09 स्थायी वारंटी शामिल हैं। वहीं विभिन्न आपराधिक प्रकरणों में 33 अन्य आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी गिरफ्तारी वारंट के बावजूद फरार चल रहे थे।
पुलिस द्वारा सतत निगरानी रखते हुए योजनाबद्ध ढंग से दबिश दी गई और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बीते एक सप्ताह के भीतर कुल 59 आरोपियों की गिरफ्तारी कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई है।
नागरिकों से कोरबा पुलिस की अपील
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि, अपराध या अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना/चौकी या पुलिस नियंत्रण कक्ष को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।











