(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता: नारायण चंद्राकर)
जांजगीर–चाम्पा | छत्तीसगढ़ : के प्रसिद्ध शिवरीनारायण मेले में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक आकाश झूला टूटकर गिर गया। झूला टूटते ही उस पर सवार छह लोग नीचे गिर पड़े, जिससे मेला परिसर में हड़कंप मच गया।
इस दर्दनाक हादसे में 2 युवतियां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि 3 अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल दोनों युवतियों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें तत्काल चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य अमला मौके पर पहुंचा। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल युवतियां मलदा गांव की निवासी हैं, जो मेले का आनंद लेने शिवरीनारायण पहुंची थीं। घायलों में चंद्रकांता कश्यप और भूमिका कश्यप के नाम सामने आए हैं।
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर झूले की तकनीकी खामी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मेले में लगे अन्य झूलों की भी जांच शुरू कर दी है।











