ads

Adsterra

बिलासपुर में एसीबी का बड़ा ट्रैप: फूड इंस्पेक्टर 90 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार


(CG ई खबर : बिलासपुर जिला संवाददाता : रेणु कैवर्त) 

बिलासपुर। एसीबी/ द्वारा भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे व्यापक ट्रैप अभियान के तहत एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एसीबी इकाई बिलासपुर ने जिले के मस्तूरी क्षेत्र में पदस्थ फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार को 90 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है।

रिश्वत की शिकायत और सत्यापन

डीएसपी एसीबी बिलासपुर अजितेश सिंह ने बताया कि ग्राम विद्याडीह (थाना मस्तूरी) निवासी महेंद्र पटेल ने 3 फरवरी को एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, ग्राम विद्याडीह में शासकीय उचित मूल्य दुकान का संचालन वर्तमान में पंचायत द्वारा किया जा रहा है। उक्त दुकान को शैल स्व-सहायता समूह, विद्याडीह को आबंटित कराने के लिए समूह द्वारा करीब तीन माह पूर्व एसडीएम कार्यालय मस्तूरी में आवेदन दिया गया था।

आरोप है कि फूड इंस्पेक्टर श्याम वस्त्रकार ने समूह के संबंध में एसडीएम के समक्ष जांच रिपोर्ट प्रस्तुत कराने और आबंटन आदेश जारी करवाने के एवज में 1 लाख रुपये की मांग की। शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी को रंगेहाथ पकड़वाना चाहता था। सत्यापन में शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई।

निवास पर ली रिश्वत, एसीबी ने दबोचा

योजना के तहत आज प्रार्थी से मांगी गई राशि में से 90 हजार रुपये की व्यवस्था कर आरोपी को देने भेजा गया। आरोपी ने महावीर सिटी, बिलासपुर स्थित अपने आवास पर प्रार्थी से रिश्वत की रकम ली, तभी एसीबी टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। रिश्वत की राशि मौके से बरामद कर ली गई है।

कानूनी कार्रवाई और सर्च

एसीबी द्वारा आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत कार्रवाई की जा रही है। साथ ही आरोपी के आवास पर सर्च कार्रवाई भी जारी है।

एसीबी की अपील

एसीबी ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी विभाग के लोकसेवक द्वारा रिश्वत की मांग किए जाने पर तत्काल सूचना दें। भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई

गौरतलब है कि हाल ही में एसीबी बिलासपुर द्वारा तहसीलदार, पटवारी, एसडीएम कार्यालय के बाबू तथा सीएसपीडीसीएल के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य मामलों में भी ट्रैप कार्रवाई की गई है। इस वर्ष एसीबी बिलासपुर की यह लगातार चौथी ट्रैप कार्रवाई है, जो भ्रष्टाचार पर कड़ा प्रहार मानी जा रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad






Ads





ads