CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

टोकन नहीं कटने से परेशान किसान हाईटेंशन टावर पर चढ़ा, मचा हड़कंप


पुलिस-प्रशासन की समझाइश से टली बड़ी अनहोनी

(CG ई खबर |कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

छत्तीसगढ़ | जांजगीर-चांपा : में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर किसानों की परेशानियां लगातार सामने आ रही हैं। जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को धान खरीदी टोकन नहीं मिलने से आहत एक किसान ने हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़कर आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।

कर्ज के बोझ और टोकन नहीं मिलने से टूटा किसान

जानकारी के अनुसार, धूरकोट क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कसौंदी निवासी किसान अनिल गढ़वाल पर करीब डेढ़ लाख रुपये का कर्ज है। तय समय सीमा में धान खरीदी टोकन नहीं कट पाने के कारण वह समर्थन मूल्य पर धान नहीं बेच सका। आर्थिक दबाव और अनिश्चितता के चलते किसान मानसिक तनाव में आ गया।

हाईटेंशन टावर पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी

शनिवार को किसान अचानक गांव के पास स्थित हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया। उसे टावर पर चढ़ता देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचा प्रशासन, चली लंबी समझाइश

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने काफी देर तक किसान से बातचीत कर उसे समझाया और उसकी समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। प्रशासन की समझाइश के बाद किसान सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

किसानों में बढ़ती नाराजगी

घटना के बाद गांव में दहशत और चिंता का माहौल है। धान खरीदी टोकन, समय सीमा और समर्थन मूल्य को लेकर किसानों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है। किसान संगठनों का कहना है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो ऐसे हालात दोबारा भी बन सकते हैं।

यह घटना प्रशासन और शासन के लिए चेतावनी है कि धान खरीदी प्रक्रिया में आ रही तकनीकी व समयसीमा संबंधी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए, ताकि किसानों को इस तरह के मानसिक तनाव से न गुजरना पड़े।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads