(CG ई खबर, जिला संवाददाता – नारायण चंद्राकर)
कोरबा (छत्तीसगढ़)। कोरबा जिले में अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने देर रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग और चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई में अवैध रूप से शराब बेचने वाले 10 लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई, वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते दो लोगों को भी पकड़ा गया।
पुलिस टीम ने इमली डुग्गू, सीतामढ़ी, संजय नगर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में बाइक से गश्त करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। अभियान के दौरान कई जगहों पर अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिलने पर कार्रवाई करते हुए 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाते दो पर कार्रवाई
जांच के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत दो व्यक्तियों पर कार्रवाई की गई। इनमें इमली डुग्गू निवासी लक्ष्मी नारायण (42) और संजय नगर, चांपा निवासी गौतम दास (19) शामिल हैं।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते मिले दो लोग
सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करते पाए जाने पर पुलिस एक्ट की धारा 36 (च) के तहत इमली डुग्गू निवासी रामेश्वर साहू और सीतामढ़ी निवासी भूपेंद्र पटेल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
अवैध शराब बेचने वाले 10 पर केस दर्ज
कोतवाली पुलिस ने धारा 170 बीएनएसएस के तहत अवैध शराब बेचने वाले 10 आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की। इनमें विजय कुमार, हिदायत खान, रमेश देवांगन, अशोक यादव, मुनाराम साहू, मुरारी मेनचे, गंगू राम, रामू राम, विष्णु कुमार और जितेंद्र यादव शामिल हैं।
तीन अन्य पर निगरानी की तैयारी
पुलिस के अनुसार अवैध शराब कारोबार में संलिप्त तीन अन्य संदिग्धों के खिलाफ निगरानी खोलने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। वहीं नशे के कारोबार में लिप्त इंडस्ट्रियल एरिया कोरबा निवासी संजय पावले के खिलाफ पहले ही जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “सजग कोरबा” अभियान के तहत आगे भी शहर में लगातार पेट्रोलिंग और कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके और आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।

