🚨 बिग ब्रेकिंग | CG ई खबर 🚨
छत्तीसगढ़ / दुर्ग | CG ई खबर छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अफीम की अवैध खेती का बड़ा मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक करीब 9 एकड़ जमीन पर अफीम की खेती की जा रही थी। चौंकाने वाली बात यह है कि अफीम के पौधे मक्का की फसल के बीच लगाए गए थे, ताकि बाहर से देखने पर किसी को इसका अंदाजा न हो सके। जब खेतों में उगाई गई अफीम की जानकारी सामने आई तो इलाके में हड़कंप मच गया और लोग भी इसे देखकर हैरान रह गए।
बताया जा रहा है कि अफीम की बाजार कीमत बेहद ज्यादा होती है। जानकारी के अनुसार 1 ग्राम अफीम की कीमत करीब 5 हजार रुपये तक बताई जा रही है। इसी वजह से अवैध रूप से बड़े पैमाने पर इसकी खेती किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
भाजपा नेता पर आरोप, पार्टी ने किया निष्कासन
इस पूरे मामले में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार का नाम सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। आरोप सामने आने के बाद प्रदेश महामंत्री नवीन मार्कंडेय ने तत्काल प्रभाव से विनायक ताम्रकार को पार्टी से निष्कासित करने का आदेश जारी कर दिया। आदेश जारी होने के बाद मामला और भी सुर्खियों में आ गया है।
विनायक ताम्रकार ने आरोपों को बताया गलत
वहीं इस मामले में विनायक ताम्रकार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के सरपंच उनसे व्यक्तिगत दुश्मनी रखते हैं, इसलिए उन्हें बदनाम करने के लिए इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
भूपेश बघेल भी पहुंचे घटनास्थल
बताया जा रहा है कि 6 मार्च को एक लिखित शिकायत के आधार पर मामला सामने आया, जिसके बाद यह मुद्दा तेजी से चर्चा में आ गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे प्रकरण को लेकर जांच की मांग की।
फिलहाल इस पूरे मामले में प्रशासनिक स्तर पर जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
CG ई खबर | आपकी आवाज आपकी खबरें 24x7

