कोरबा | CG ई खबर : कोरबा जिले के कटघोरा स्थित व्यस्ततम तहसील चौक पर आज दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार एंबुलेंस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार युवक-युवती गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीर व स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। स्थिति बिगड़ती देख कटघोरा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित किया।
पुलिस ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए जिस एंबुलेंस से हादसा हुआ, उसी एंबुलेंस के जरिए दोनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल युवक-युवती कुसमुंडा क्षेत्र की कांग्रेस पार्षद गीता गवेल के पुत्र और पुत्री बताए जा रहे हैं। दोनों को कटघोरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फिलहाल, इस मामले में समाचार लिखे जाने तक थाना में किसी प्रकार की शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।
👉 अपडेट के लिए जुड़े रहें — CG ई खबर

