CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

दर्दनाक सड़क हादसा… एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत से पसरा मातम


(CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

कोरबा 28 अप्रैल 2026। खुशियों से भरी एक पारिवारिक यात्रा कुछ ही पलों में दर्दनाक त्रासदी में बदल गई। सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में सोनी परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। परिवार चांपा में आयोजित एक चौथिया कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में हुई दुर्घटना ने उनकी खुशियां छीन लीं।

तेज रफ्तार बनी मौत की वजह, डिवाइडर से टकराकर हाइवा में घुसी कार
हादसा उरगा थाना क्षेत्र के फरसवनी टोल नाका के पास रात करीब 2 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से टकराने के बाद पलट गई। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़ी हाइवा से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मां, जवान बेटा और मासूम की मौके पर मौत
इस दर्दनाक हादसे में मोंगरा सोनी, उनके 22 वर्षीय बेटे देवेंद्र सोनी और ढाई साल के मासूम प्रियांश की मौके पर ही मौत हो गई। एक ही परिवार के तीन सदस्यों की असमय मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

हादसे के बाद मची अफरातफरी, घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में घायल अन्य लोगों को तत्काल चांपा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आई बड़ी वजह
जांच अधिकारी नवीन पटेल के अनुसार, शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

लापरवाही का कड़वा सच
यह हादसा एक बार फिर यह सवाल खड़ा करता है कि सड़क पर जरा सी लापरवाही और तेज रफ्तार किस तरह जिंदगी को पल भर में खत्म कर सकती है। सुरक्षित ड्राइविंग ही ऐसे हादसों से बचने का एकमात्र उपाय है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads