भोपाल में नवविवाहित युवक ने होटल में लगाई फांसी, सुसाइड से पहले वीडियो में पत्नी पर लगाए गंभीर आरोप

CG.ई ख़बर


भोपाल (CG ई खबर) : 
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के शाहपुरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने होटल के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक ने सुसाइड से पहले एक वीडियो बनाकर अपनी पत्नी को इस कदम के लिए जिम्मेदार ठहराया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, 12 नंबर स्टॉप निवासी विकास हिरवे की शादी करीब 7 महीने पहले ही हुई थी। परिजनों ने बताया कि युवक एक दिन पहले काम का कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसी दौरान उसने आत्महत्या से पहले का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसे देखकर परिजन उसकी तलाश में जुट गए।

खोजबीन के दौरान शाहपुरा इलाके के एक होटल के बाहर उसकी गाड़ी खड़ी मिली। होटल रिसेप्शन पर पूछताछ करने पर पता चला कि युवक ने एक कमरा किराए पर लिया था। जब दरवाजा नहीं खुला तो खिड़की से झांककर देखा गया, जहां युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

सुसाइड से पहले बनाए गए वीडियो में युवक ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी स्नेहा उसे और उसके परिवार को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थी। उसने यह भी कहा कि पत्नी ने अपने सामान और दस्तावेज मायके में रख दिए थे और अक्सर दहेज प्रताड़ना के झूठे केस में फंसाने की धमकी देती थी। इन परिस्थितियों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाने की बात कही।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

3/related/default