(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)
कोरबा/गेवरा बस्ती, 20 अप्रैल 2026 — बरपाली मोहल्ला (वार्ड क्रमांक 26) के पार्षद के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित पार्षद ने थाना पहुंचकर FIR दर्ज कराते हुए आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पार्षद 20 अप्रैल की शाम करीब 7 बजे अपने परिवार के साथ बुडगहन से मोटरसाइकिल द्वारा वापस बरपाली मोहल्ला, गेवरा बस्ती लौट रहे थे। इसी दौरान खोडरी मैदान के पास अचानक हिमांशु चौहान की मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई, जिससे पार्षद को चोटें आईं।
घटना के बाद पार्षद, हिमांशु चौहान के साथ इलाज कराने संतोष डॉक्टर के क्लिनिक पहुंचे। इसी दौरान खोडरी निवासी अमित कुरैशी वहां पहुंचा और कथित रूप से पैसे लेकर मामला रफा-दफा करने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि इलाज के बाद जब पार्षद क्लिनिक से बाहर निकले, तब रात करीब 8 बजे अमित कुरैशी ने अपने साथियों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।
पीड़ित पार्षद के अनुसार, जब वे अपने साथी राकेश के साथ थाना जाने के लिए निकले, तभी होंडा एजेंसी के पास आरोपी के साथी छोटे लाल उर्फ पेटला ने उन्हें गाड़ी से गिरा दिया। इसके बाद अमित कुरैशी की मां, पिता जुम्मन, और सुमित यादव भी मौके पर पहुंच गए और सभी ने मिलकर मारपीट की।
इस हमले में पार्षद को बाएं हाथ, गले और आंख के ऊपर गंभीर चोटें आई हैं। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों में राकेश पटेल, राजेंद्र प्रसाद और हिमांशु चौहान शामिल बताए जा रहे हैं।
पीड़ित ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोपियों को कुख्यात बताते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है, वहीं पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



