CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा : सरकारी गेस्ट हाउस में अफसरों की शराब पार्टी का भंडाफोड़, मंत्री के फोन के बाद मचा हड़कंप


(CG ई खबर | जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

कोरबा, छत्तीसगढ़। जिले में सरकारी गेस्ट हाउस में अफसरों की कथित शराब पार्टी का मामला सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। DSPM प्लांट (डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी थर्मल पावर स्टेशन) के चीफ केमिस्ट गोवर्धन सिदार समेत 5 अधिकारी मौके पर शराब पीते पकड़े गए। मौके से बीयर और शराब की बोतलें भी बरामद हुई हैं।

बताया जा रहा है कि जिस समय यह पूरा घटनाक्रम हुआ, उसी गेस्ट हाउस में भाजपा नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक भी चल रही थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं को वीआईपी कमरे से तेज आवाजें और सिगरेट का धुआं निकलता दिखाई दिया। संदेह होने पर उन्होंने तत्काल इसकी सूचना उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन को दी।

सूचना मिलते ही मंत्री लखनलाल देवांगन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी के एमडी एस.के. कटियार से फोन पर चर्चा की और कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मंत्री ने सीधे एसपी को फोन कर तत्काल जांच और कार्रवाई करने को कहा। पुलिस की दबिश पड़ते ही गेस्ट हाउस में मौजूद अफसरों में हड़कंप मच गया।

यह पूरा मामला सीएसईबी पुलिस चौकी क्षेत्र का बताया जा रहा है। शनिवार को पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक के कोरबा दौरे के दौरान उद्योग मंत्री, महापौर संजू देवी राजपूत और जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी भी वीआईपी गेस्ट हाउस पहुंचे हुए थे।

फिलहाल कंपनी प्रबंधन ने पूरे मामले की जांच के बाद सख्त कार्रवाई करने की बात कही है। वहीं इस घटना ने सरकारी परिसरों के दुरुपयोग और अधिकारियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads