जयपुर/गंगानगर : राजस्थान पुलिस ने गंगानगर जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का पर्दाफोड़ किया है। पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और अवैध हथियार बरामद किए हैं। यह कार्रवाई समेजा कोठी थाना पुलिस द्वारा भारतमाला राजमार्ग पर की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान कुलविंदर सिंह और रॉबिन सिंह के रूप में हुई है, जो पंजाब के फाजिल्का जिले के निवासी हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से करीब 1.5 किलो हेरोइन, एक किलो अफीम, पांच पिस्तौल, 10 मैगजीन और 72 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
फिल्मी अंदाज में भागने की कोशिश
पुलिस टीम ने जब संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने बैरिकेड तोड़कर फरार होने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया और नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर लगाकर रास्ता अवरुद्ध कर दिया। भागने के दौरान आरोपियों की कार एक ट्रॉली से टकरा गई, जिससे वाहन के टायर फट गए।
इसके बाद दोनों आरोपी खेतों की ओर भागे, लेकिन स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने उन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया।
विदेशी हथियारों से जुड़े तार
जिला पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि जब्त हथियारों में चार पिस्तौल पर ‘मेड इन पाकिस्तान’ और एक पर ‘मेड इन चाइना’ लिखा मिला है। इससे संकेत मिलता है कि आरोपी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बरामद हेरोइन की सप्लाई सीमा पार से होने की आशंका है। इसकी गुणवत्ता और पैकेजिंग भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की बताई जा रही है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

