जांजगीर-चांपा। जिले के करही गांव में हुए चर्चित गोलीकांड और हत्या मामले में घटना के 15 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से पीड़ित परिवार में भारी नाराजगी देखी जा रही है। परिवार का आरोप है कि पुलिस अब तक मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
न्याय की मांग को लेकर पीड़ित परिवार ने बिलासपुर पहुंचकर पुलिस महानिरीक्षक (IG) से मुलाकात की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा परिवार ने जांजगीर में क्षेत्रीय विधायक से भी मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है।
परिजनों का कहना है कि घटना को हुए दो सप्ताह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक मुख्य आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। इससे परिवार में असुरक्षा और आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। पीड़ित पक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।
परिवार का आरोप है कि घटना के बाद से पुलिस केवल आश्वासन दे रही है, जबकि आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। वहीं क्षेत्र के लोगों में भी इस मामले को लेकर चर्चा तेज है और लोग जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं।
इधर पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

