कोरबा/बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के कार्यालय भवन में शुक्रवार को सामान्य सभा की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर के विभिन्न वार्डों में विकास कार्यों को गति देने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने की। इस दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO), पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में 4 सूत्रीय एजेंडा पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई। परिषद ने वार्ड क्रमांक 11 में निर्माण मंगल भवन के सामने सी.सी. रोड एवं आर.सी.सी. नाली निर्माण कार्य के लिए प्राप्त न्यूनतम ई-निविदा पर विचार किया। लगभग ₹35.70 लाख की लागत से होने वाले इस कार्य को स्वीकृति की दिशा में आगे बढ़ाया गया।
इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 01 एवं 03 में इंडेन गैस एजेंसी से शासकीय स्कूल होते हुए सब स्टेशन तक बी.टी. रोड निर्माण कार्य को लेकर भी चर्चा की गई। करीब ₹48.36 लाख की लागत से बनने वाली इस सड़क से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में वार्ड क्रमांक 08 स्थित मुक्तिधाम के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्य को भी मंजूरी दी गई। लगभग ₹49.81 लाख की लागत से प्रस्तावित इस कार्य के तहत मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाओं के विकास और सौंदर्यीकरण पर कार्य किया जाएगा।
विकास कार्यों के अलावा बैठक में विधायी विषयों पर भी चर्चा हुई। 131वें संविधान संशोधन विधेयक, नारी शक्ति वंदन अधिनियम-2023 से संबंधित बिंदुओं पर पार्षदों ने अपने विचार रखे और सर्वसम्मति से समर्थन व्यक्त किया।
पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर का सर्वांगीण विकास परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सड़कों, नालियों एवं अन्य जनहितकारी कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा कराया जाएगा।
बैठक में पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिस पर सीएमओ एवं अध्यक्ष द्वारा आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। परिषद द्वारा विकास कार्यों को मिली मंजूरी से बांकीमोंगरा क्षेत्र की जनता को जर्जर सड़कों, जल निकासी और अन्य मूलभूत समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।

