कोरबा/बांकी मोंगरा। कोरबा जिले के बांकी मोंगरा क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद कथित रूप से अवैध कबाड़ कारोबार संचालित होने का मामला सामने आया है। यह मामला चौपाटी रोड स्थित SECL हॉस्पिटल के समीप संचालित एक कबाड़ दुकान से जुड़ा बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, उक्त कबाड़ दुकान का संचालन महिला किरण साहू द्वारा किया जा रहा है।
मामले की जानकारी जुटाने और समाचार कवरेज के लिए जब CG ई खबर के संचालक एवं संपादक ओम प्रकाश पटेल मौके पर पहुंचे और वीडियो एवं फोटो बनाने लगे, तब वहां मौजूद संचालक के बेटे ने उनसे सवाल किया कि वे किस अधिकार से वीडियो बना रहे हैं।
इस दौरान पत्रकार द्वारा कबाड़ कारोबार से संबंधित जानकारी मांगी गई। आरोप है कि वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू होते ही संबंधित पक्ष के लोगों ने कहा कि “जो उखाड़ना है उखाड़ लो, मेरा कुछ नहीं हो सकता।”
पत्रकार के अनुसार, स्थिति को देखते हुए उन्होंने अपने साथी पत्रकार को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी और दुकान से कुछ दूरी पर खड़े होकर उनके आने का इंतजार करने लगे। आरोप है कि इसी दौरान कबाड़ संचालक के बेटे ने कुछ लोगों को कार से बुलाया और पत्रकार को धमकाते हुए कहा कि इस मामले से दूर रहो, अन्यथा हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे।
जब पत्रकार द्वारा धमकी देने वाले लोगों के बारे में पूछा गया, तब कथित तौर पर वे बिना कोई जवाब दिए वाहन स्टार्ट कर मौके से चले गए।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, इससे पहले भी उक्त कबाड़ दुकान पर कार्रवाई करते हुए बांकी मोंगरा थाना द्वारा दुकान को सील किया जा चुका है। इसके बावजूद दोबारा कारोबार संचालित होने से प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।
अब क्षेत्र के लोगों और पत्रकारों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध कबाड़ कारोबार तथा पत्रकार को मिली धमकी के मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।


