ads 90x728

कोरबा में बड़ी कार्रवाई : कुख्यात अपराधी धरम सिंह राजपूत और राजा खान गिरफ्तार


(CG ई खबर | प्रमुख संपादक : ओम प्रकाश पटेल)

कोरबा में बड़ी पुलिस कार्रवाई, 42 लाख की रेलवे सामग्री चोरी का पर्दाफाश

छत्तीसगढ़ / कोरबा। जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे लाइन से लाखों रुपये के विद्युत खंभों की चोरी करने वाले कुख्यात अपराधी धरम सिंह राजपूत और फिरोज उर्फ राजा खान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपियों ने किराये की ट्रक लेकर गैस कटर से रेलवे के भारी विद्युत खंभों को काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।

42 लाख रुपये के रेलवे विद्युत खंभे चोरी

थाना बांकीमोंगरा में आर एस इंफा प्रोजेक्ट कंपनी की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई थी कि सुराकछार से सेन्दुरगढ़ पसान तक निर्माणाधीन रेलवे लाइन में लगाए जाने वाले ओवरहेड इलेक्ट्रिकल पोल बड़ी संख्या में डम्प कर रखे गए थे। जांच के दौरान पाया गया कि कुल 102 नग रेलवे विद्युत खंभे गायब हैं, जिनकी कीमत लगभग 42 लाख 41 हजार 687 रुपये आंकी गई।

प्रार्थी अनीश कुमार सिंह ने 17 फरवरी 2026 को इसकी शिकायत पुलिस से की थी, जिसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

अकलतरा में मिली चोरी की सामग्री

मामले की जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि चोरी किए गए रेलवे विद्युत खंभों को जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में ट्रक क्रमांक CG 10 R 1744 के साथ संदेह के आधार पर जब्त किया गया है। इसके बाद पुलिस ने ट्रक मालिक से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि ट्रक को धरम सिंह राजपूत और राजा खान ने किराये पर लिया था।

गैस कटर से काटकर की गई थी चोरी

पुलिस पूछताछ में यह खुलासा हुआ कि आरोपी धरम सिंह राजपूत, राजा खान और उनके साथी ड्राइवर अशोक चौहान ने बांकी 04 नंबर क्षेत्र में रखे रेलवे विद्युत खंभों को गैस कटर से काटकर ट्रक में भर लिया था। चोरी किए गए लोहे को अकलतरा क्षेत्र में बेचने की कोशिश की गई, लेकिन मामला संदिग्ध लगने पर सामग्री को नहर किनारे छिपा दिया गया था। बाद में पुलिस ने 140 नग कटे हुए विद्युत खंभों के टुकड़े बरामद कर लिए।

पाली से हुई गिरफ्तारी, गैस सिलेंडर और कटर जब्त

स्थायी वारंट की तामिली के दौरान पुलिस टीम ने ग्राम पाली में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी धरम सिंह राजपूत की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गैस सिलेंडर और गैस कटर भी जब्त किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक को भी कब्जे में लिया है।

3 दर्जन से ज्यादा मामलों में दर्ज है नाम

पुलिस के अनुसार धरम सिंह राजपूत बांकीमोंगरा थाना का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ लूट, चोरी, डकैती, मारपीट, फायरिंग और अवैध हथियार रखने जैसे गंभीर अपराधों के तीन दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पिछले वर्ष भी वह अवैध कट्टा रखने और फायरिंग मामले में जेल जा चुका है। क्षेत्र में उसके नाम का लंबे समय से दहशत बना हुआ था।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक चमन सिन्हा, एएसआई चन्द्रशेखर वैष्णव, प्रधान आरक्षक नरेन्द्र टेकाम, राजेश कंवर, आरक्षक रोहित राठौर, हरीश मरावी और रघुवीर प्रताप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads