छत्तीसगढ़ / कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में अहिरन नदी मंगलवार को दो दर्दनाक घटनाओं की गवाह बनी। एक ओर जहां तीन दिनों से लापता युवती का शव नदी में मिला, वहीं दूसरी ओर नदी में नहाने गए एक युवक के बह जाने से इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा क्षेत्र के ग्राम खम्हारिया वैशाली नगर निवासी 24 वर्षीय निर्मला यादव का शव गांव के पीछे स्थित अहिरन नदी में बरामद किया गया। युवती बीते लगभग तीन दिनों से लापता थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि इसी बीच अहिरन नदी से एक और हादसे की सूचना ने सबको झकझोर दिया।
बताया जा रहा है कि SECL कुसमुंडा में कार्यरत डंपर ऑपरेटर निर्मल सिंह ठाकुर का पुत्र निखिल सिंह अपने कुछ दोस्तों के साथ विकास नगर स्थित अहिरन नदी में NTPC रेलवे पुल के नीचे नहाने गया था। दोस्तों को नदी में छलांग लगाकर नहाते देख निखिल ने भी गहरे पानी में छलांग लगा दी। उसके साथी तैरकर नदी के दूसरे छोर तक पहुंच गए, लेकिन निखिल कुछ देर बाद पानी में लापता हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही उसके दोस्तों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी नदी किनारे जमा हो गए। गोताखोरों की टीम को बुलाकर नदी में युवक की तलाश शुरू की गई। घंटों चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद निखिल का कोई सुराग नहीं मिल सका।
अंधेरा होने की वजह से फिलहाल रेस्क्यू कार्य रोक दिया गया है। पुलिस और गोताखोरों की टीम बुधवार सुबह फिर से युवक की तलाश शुरू करेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर युवक नहा रहे थे, वहां नदी काफी गहरी है और इससे पहले भी यहां कई दुखद हादसे हो चुके हैं। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद सुरक्षा इंतजाम और चेतावनी व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल उठ रहे हैं।



