ads 90x728

रायपुर में सनसनी : बाउंसर ने ससुराल में घुसकर की फायरिंग, एक की मौत, दूसरी की हालत नाजुक


रायपुर। CG Crime News:
राजधानी के मोवा इलाके में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोवा बाजार के पास रात करीब 11 बजे एक बाउंसर ने ससुराल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में दो युवतियां गंभीर रूप से घायल हुईं, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी की हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान मोवा निवासी जितेंद्र वर्मा (32) के रूप में हुई है, जो पेशे से बाउंसर है और उसके पास लाइसेंसी पिस्टल थी। बताया जा रहा है कि उसका अपनी पत्नी खिलेश्वरी वर्मा से लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था।

बच्चे से मिलने को लेकर भड़का विवाद

मंगलवार को भी पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ, जिसके बाद पत्नी अपने बच्चे को लेकर अपनी बहन गीतांजली वर्मा (26) के घर पहुंची और फिर दूसरी बहन के यहां चली गई। देर रात आरोपी ने पत्नी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन बात नहीं हो पाई। गुस्से में वह साली के घर पहुंचा और बच्चे से मिलने की जिद करने लगा।

जब सालियों ने बताया कि बच्चा घर पर नहीं है और उसे वहां से जाने को कहा, तो आरोपी आगबबूला हो गया और पिस्टल निकालकर करीब तीन राउंड फायरिंग कर दी।

माथे और पेट में लगी गोली

फायरिंग में एक गोली गीतांजली के माथे पर लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर गई, जबकि दूसरी गोली दुर्गेश्वरी वर्मा (24) के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने गीतांजली को मृत घोषित कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी ने किया सरेंडर

घटना के बाद आरोपी खुद थाने पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। सूचना मिलते ही मोवा थाना पुलिस और रायपुर नॉर्थ जोन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नशे की हालत में था और बातचीत की स्थिति में नहीं था।

इलाके में दहशत का माहौल

देर रात हुई इस गोलीबारी से मोवा इलाके में दहशत का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

CG ई खबर | आपकी आवाज आपकी खबरें 24x7

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads