CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

विश्व रक्तदाता दिवस पर सीआईएसएफ केएसटीपीपी कोरबा ने किया रक्तदान शिविर का आयोजन, 14 यूनिट रक्त संग्रहित


कोरबा, 14 जून 2026।
विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई केएसटीपीपी, कोरबा द्वारा एनटीपीसी अस्पताल जमनीपाली में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उच्च मुख्यालय के निर्देशानुसार आयोजित यह कार्यक्रम कमांडेंट राजीव कुल्हारी के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

रक्तदान शिविर में सीआईएसएफ अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान कुल 14 यूनिट रक्तदान किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से रक्तदान के महत्व तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवन बचाने में इसकी अहम भूमिका के बारे में जागरूकता भी बढ़ाई गई।

इस अवसर पर सहायक कमांडेंट (अग्नि) शिवेन्द्र कुमार ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई लोगों के जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध हो सकता है। उन्होंने सभी कार्मिकों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।


उन्होंने कहा कि विश्व रक्तदाता दिवस स्वैच्छिक रक्तदाताओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। ऐसे लोग निस्वार्थ भाव से रक्तदान कर मानवता की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। सीआईएसएफ सदैव सामाजिक सरोकारों एवं मानवीय मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

रक्तदान शिविर के दौरान प्रतिभागियों को सुरक्षित एवं नियमित रक्तदान के प्रति जागरूक किया गया तथा अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य से जुड़ने का संदेश दिया गया। सीआईएसएफ इकाई केएसटीपीपी कोरबा का यह प्रयास सामाजिक उत्तरदायित्व, मानवीय सेवा और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads