दीपका/कोरबा। दीपका नगर पालिका परिषद के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 01 सोमवारी बाजार प्रेमनगर में पिछले डेढ़ महीने से जारी अघोषित बिजली कटौती और हाफ लाइन की समस्या को लेकर वार्डवासियों का आक्रोश सामने आया। वार्ड पार्षद कमलेश जायसवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं और नागरिकों ने दीपका बिजली कार्यालय पहुंचकर कनिष्ठ अभियंता को ज्ञापन सौंपते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर क्षेत्र में नियमित और सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई तो वार्डवासी बिजली कार्यालय का घेराव और उग्र आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
पार्षद कमलेश जायसवाल ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वार्ड क्रमांक 01 के साथ लगातार भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बीच लोग परेशान हैं, लेकिन विभाग समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च करती है, बावजूद इसके ठेका कर्मचारियों की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने अनियमित बिजली आपूर्ति के साथ-साथ अधिक बिजली बिल भेजे जाने पर भी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि लगातार बिजली कटौती के कारण रात में सोना मुश्किल हो गया है। उमस और मच्छरों से लोग परेशान हैं। उनका कहना है कि दिनभर मेहनत करने के बाद भी लोगों को पर्याप्त आराम नहीं मिल पा रहा है, जिससे कार्यस्थलों पर दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ रही है। महिलाओं ने आरोप लगाया कि विभाग की उदासीनता से आम नागरिकों की परेशानी लगातार बढ़ रही है।
वार्डवासियों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की गई है। प्रदर्शन के दौरान पार्षद कमलेश कुमार जायसवाल सहित श्यामबाई, चवन बाई पटेल, सरस्वती कैवर्त्य, आशा सिंह, रोमा बाई, चमेली पटेल, लता उरांव, सीमा श्रीवास्तव, बीना चौहान, संजू सिंह समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और नागरिक मौजूद रहे।


