CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

विश्व पर्यावरण दिवस पर सीआईएसएफ का अनूठा अभियान, "शहीद उद्यान" में लगाए 150 आम और जामुन के पौधे


कोरबा, 05 जून 2026।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई केएसटीपीपी कोरबा द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण के उद्देश्य से फायर कॉलोनी स्थित "शहीद उद्यान" में विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कमांडेंट राजीव कुल्हारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

अभियान के तहत सीआईएसएफ अधिकारियों और बल सदस्यों द्वारा लगभग 150 आम एवं जामुन के पौधों का रोपण किया गया। कार्यक्रम में कमांडेंट राजीव कुल्हारी, सहायक कमांडेंट (अग्नि) शिवेंद्र कुमार, आरक्षित निरीक्षक कुलश्रेष्ठ गुरु सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


इस अवसर पर कमांडेंट राजीव कुल्हारी ने कहा कि "शहीद उद्यान" केवल वृक्षारोपण की पहल नहीं, बल्कि भावनाओं और स्मृतियों को प्रकृति से जोड़ने का एक अनूठा प्रयास है। यहां लगाया गया प्रत्येक पौधा उन प्रियजनों को समर्पित है जिन्होंने जीवन में प्रेम, प्रेरणा और मार्गदर्शन दिया है। उन्होंने कहा कि वृक्ष जीवन, आशा और पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक हैं, जो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और हरियाली प्रदान करेंगे।


उन्होंने बताया कि इस उद्यान में भविष्य में कर्मचारी, उनके परिवारजन और समुदाय के सदस्य अपने जीवन के विशेष अवसरों—जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, उपलब्धियों के उत्सव या किसी प्रियजन की स्मृति में पौधारोपण कर सकेंगे। समय के साथ यह स्थान स्मृतियों, प्रेरणादायक कहानियों और विकसित होते वृक्षों का जीवंत केंद्र बन जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया।

सीआईएसएफ इकाई केएसटीपीपी कोरबा का यह प्रयास पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो हरित, स्वच्छ और टिकाऊ भविष्य के निर्माण में अहम भूमिका निभाएगा।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads