रायगढ़, 5 जून। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने उड़ीसा से मध्यप्रदेश ले जाई जा रही लगभग 300 किलोग्राम गांजा की खेप जब्त करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो लग्जरी वाहन, मोबाइल फोन सहित कुल 1 करोड़ 86 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही इनोवा और एक्सएल-6 कार को भी जब्त किया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि इनोवा वाहन में एक साथ डबल नंबर प्लेट लगाकर तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था।
लैलूंगा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा मध्यप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर नाकेबंदी की और संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहनों से लगभग 300 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- निखिल कश्यप (23 वर्ष), निवासी रामानुजगंज, जिला बलरामपुर
- रिंकु कश्यप (28 वर्ष), निवासी नवानगर चिरगापारा, जिला सरगुजा
- धर्मेंद्र कुमार मौर्य (27 वर्ष), निवासी हराटोला, जिला अनूपपुर (मध्यप्रदेश)
जब्त सामग्री:
- करीब 300 किलोग्राम गांजा
- 2 चारपहिया वाहन (इनोवा एवं एक्सएल-6)
- 5 मोबाइल फोन
पुलिस ने जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 1 करोड़ 86 लाख रुपये आंकी है।
एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। उड़ीसा से लेकर मध्यप्रदेश के अनूपपुर तक फैले तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने के लिए लैलूंगा पुलिस की विशेष टीम मध्यप्रदेश रवाना की गई है। उन्होंने कहा कि जिले में गांजा, नशीली दवाओं और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा तस्करों के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

