CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

कोरबा: चोरी के लिए साथी नहीं मिला तो परिचित पर चाकू से हमला, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज


कोरबा | CG ई खबर।
कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चोरी करने के लिए साथी नहीं मिलने पर एक युवक ने अपने ही परिचित पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लालपुर अरदा निवासी रंजय, जो ट्रक चालक का काम करता है, 24 जून की रात करीब 9:30 बजे अपने घर में पत्नी सुलेखा देवी के साथ बैठा था। इसी दौरान जियो पेट्रोल पंप में मजदूरी करने वाला परिचित लक्ष्मीनारायण शराब के नशे में वहां पहुंचा। उसने रंजय से कहा कि उसका साढ़ू उस पर चोरी का आरोप लगा रहा है और उसे पेट्रोल पंप में चोरी करने के लिए आदमी चाहिए।

रंजय ने आरोपी को समझाते हुए कहा कि वह नशे में है, सुबह बात करेंगे। इसके बाद आरोपी वहां से चला गया, लेकिन करीब 15 मिनट बाद दोबारा लौट आया और चोरी के लिए साथी उपलब्ध कराने का दबाव बनाने लगा। रंजय द्वारा मना करने पर आरोपी भड़क गया और जान से मारने की धमकी देते हुए अपने पास रखे चाकू से हमला कर दिया।

हमले में रंजय के गले के पास गंभीर चोट आई और खून बहने लगा। बचाव के दौरान चाकू आरोपी के हाथ से छूटकर जमीन पर गिर गया, जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घायल रंजय ने 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा पहुंचकर उपचार कराया।

पीड़ित की रिपोर्ट पर बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने आरोपी लक्ष्मीनारायण के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) एवं 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads