कोरबा: ग्राम पंचायत झाबर ने लिया बड़ा फैसला, अवैध शराब बेचने पर ₹10 हजार और पीने वालों पर ₹5 हजार जुर्माना

CG.ई ख़बर


दीपका, कोरबा।
ग्राम पंचायत झाबर को पूर्ण रूप से नशा मुक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त पहल शुरू की है। दीपका थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू के निर्देशन में आयोजित विशेष बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से गांव में नशे के खिलाफ कड़े नियम लागू करने का निर्णय लिया। बैठक में अवैध शराब बनाने, बेचने और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों पर आर्थिक दंड लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया।

बैठक में दीपका थाना से प्रशिक्षु उपनिरीक्षक निखिल देवांगन, आरक्षक अंकित पांडे और आरक्षक मुकेश यादव मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामीणों ने गांव को पूरी तरह नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।


ये रहेंगे नए नियम

बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार गांव में शराब या अन्य नशीले पदार्थ बनाने और बेचने वाले व्यक्ति पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं नशीले पदार्थ खरीदने वालों पर 5,000 रुपये का आर्थिक दंड निर्धारित किया गया है। इसके अलावा गांव के किसी भी सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते या नशा करते पकड़े जाने पर भी 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।

महिला कमांडर समिति करेगी निगरानी

गांव में नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन और अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए महिला कमांडर समिति का गठन किया गया। समिति की अध्यक्ष नोनी बाई कंवर, उपाध्यक्ष राधा बाई महंत और सचिव शेषमति पटेल को चुना गया। समिति पुलिस प्रशासन के समन्वय से गांव में निगरानी और जागरूकता अभियान चलाएगी।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

बैठक में सरपंच रामसिंह कंवर, पंच शनि कंवर, पंच देवनाथ विश्वकर्मा, पंच प्रमोद कौशिक, पूर्व उपसरपंच मुकेश जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला समूह और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि ग्राम पंचायत, महिला समिति और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से झाबर जल्द ही क्षेत्र का एक आदर्श नशामुक्त गांव बनकर सामने आएगा।

नोट: प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह निर्णय ग्रामसभा/ग्राम पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया है। जुर्माने एवं उसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया संबंधित वैधानिक प्रावधानों के अधीन होगी।

3/related/default