नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक महिला ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके पर कथित तौर पर स्याही फेंक दी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए महिला को हिरासत में ले लिया और उससे पूछताछ शुरू कर दी है।
जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सीजेपी का प्रदर्शन पिछले कई दिनों से जारी है। इसी बीच हुई इस घटना ने आंदोलन को नया मोड़ दे दिया है।
स्याही फेंके जाने के बाद दीपके की प्रतिक्रिया
घटना के बाद अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, "नीला मेरा पसंदीदा रंग है।" उनका यह पोस्ट तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने पर विवाद
इसी बीच सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक को तबीयत बिगड़ने के बाद दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर से सफदरजंग अस्पताल ले जाने को लेकर भी विवाद गहरा गया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि वांगचुक को उनकी इच्छा के विरुद्ध धरना स्थल से हटाया गया और प्रदर्शन को खत्म करने का प्रयास किया गया।
वहीं अभिजीत दीपके ने घोषणा की है कि वांगचुक को अस्पताल ले जाए जाने के विरोध में उन्होंने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी साझा की।
पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप
अभिजीत दीपके ने दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि सुबह पुलिस ने सोनम वांगचुक के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें जबरन धरना स्थल से हटाया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके साथ भी मारपीट की गई।
हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


