कोरबा। जिले के लेमरू थाना क्षेत्र के ग्राम नकिया में लगातार बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया। उफनते सांचर नाले को बाइक से पार करने की कोशिश में 28 वर्षीय युवक तेज बहाव में बाइक समेत बह गया। करीब 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह युवक का शव घटनास्थल से लगभग 3 किलोमीटर दूर बरामद किया गया। हादसे के दौरान बाइक पर सवार उसका साथी समय रहते छलांग लगाकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
जानकारी के अनुसार, ग्राम नकिया निवासी राहुल कुमार मंझवार सोमवार को अपने साथी बुधराम मंझवार के साथ घरेलू काम से कोरबा शहर गया था। देर शाम दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। लगातार बारिश के कारण गांव से करीब 3 किलोमीटर पहले स्थित सांचर नाला उफान पर था और पानी का बहाव काफी तेज था।
बताया जा रहा है कि नाले की स्थिति खतरनाक होने के बावजूद राहुल ने बाइक से उसे पार करने का प्रयास किया। जैसे ही बाइक तेज बहाव में पहुंची, पानी की धारा ने बाइक समेत राहुल को अपनी चपेट में ले लिया। खतरा भांपते हुए पीछे बैठे बुधराम ने तुरंत बाइक से छलांग लगा दी और किसी तरह किनारे पहुंचकर अपनी जान बचाई। वहीं, राहुल तेज बहाव में बह गया और लापता हो गया।
घटना के बाद बुधराम पानी का स्तर कम होने पर गांव पहुंचा और परिजनों के साथ लेमरू पुलिस को घटना की जानकारी दी। रात में अंधेरा और तेज बहाव होने के कारण तत्काल तलाश अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
मंगलवार सुबह लेमरू पुलिस, स्थानीय ग्रामीणों और बचाव दल ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की मशक्कत के बाद राहुल का शव घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर नाले में फंसा हुआ मिला। शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। लगातार बारिश के चलते जिले के कई नदी-नाले और पुल-पुलिया उफान पर हैं। प्रशासन और पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव और जलभराव वाले स्थानों को पार करने का जोखिम न उठाएं। थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।


