CG ई खबर डॉनेट

Ads-Google

जहां चली थीं लाठियां, वहां गूंजा सायरन: 15 ब्लॉक से पंप हाउस कॉलोनी तक पुलिस की बाइक पेट्रोलिंग


उपद्रवियों के घर पहुंची पुलिस, परिजनों को दी चेतावनी • शराबियों और संदिग्ध युवकों पर कड़ी नजर, कराई उठक-बैठक

कोरबा। पंप हाउस कॉलोनी और 15 ब्लॉक क्षेत्र में हाल ही में हुई मारपीट और गुंडागर्दी की घटना के बाद कोरबा पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आई। शनिवार देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद डडसेना, सिविल लाइन थाना प्रभारी (प्रशिक्षु डीएसपी) आस्था शर्मा तथा सीएसईबी सहायता केंद्र प्रभारी एसआई राजेश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल और महिला स्टाफ ने बाइक पेट्रोलिंग कर कई संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस की टीम पंप हाउस कॉलोनी, 15 ब्लॉक, तुलसी नगर, डीडीएम रोड सहित उन संकरी गलियों तक पहुंची, जहां चारपहिया वाहन आसानी से नहीं पहुंच सकते। देर रात तक चली इस सघन पेट्रोलिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई और बिना वजह घूम रहे युवकों से पूछताछ की गई।

उपद्रवियों के घर पहुंची पुलिस, परिजनों को दी सख्त चेतावनी

कार्रवाई केवल सड़कों तक सीमित नहीं रही। हालिया मारपीट और उपद्रव की घटना से जुड़े युवकों के घर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि दोबारा कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास हुआ तो संबंधित युवकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील भी की गई।

शराबियों और हुड़दंगियों पर कार्रवाई

रात्रि गश्त के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते मिले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं बेवजह बाइक से घूम रहे और हुड़दंग मचा रहे कुछ युवकों को रोककर समझाइश दी गई। कुछ युवकों से मौके पर उठक-बैठक भी कराई गई और भविष्य में कानून का पालन करने की सख्त चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

एसपी के निर्देश पर लगातार चलेगा अभियान

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष पेट्रोलिंग अभियान लगातार जारी है। जिन क्षेत्रों से असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें मिल रही हैं, वहां पुलिस की निगरानी और बढ़ा दी गई है।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम, डायल-112 या नजदीकी थाने में दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

— संपादक: ओम प्रकाश पटेल, CG ई खबर

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads


ads