₹3.50 लाख के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार

CG.ई ख़बर


कांकेर।
जिले की थाना सरोना पुलिस ने विद्युत लाइन निर्माण कार्य में प्रयुक्त लगभग ₹3.50 लाख मूल्य के एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल बरामद किया है। पुलिस ने मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शुभम यादव (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया 01 नग एसीएसआर पैंथर कंडक्टर तार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹3.50 लाख है, बरामद कर लिया गया।

जांच में सामने आया कि चोरी के बाद तार को एक फरार आरोपी के घर में सीढ़ी के नीचे दीवार चिनवाकर छिपाया गया था, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे। पुलिस ने मौके से तार बरामद कर लिया।


यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार साहू एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (साइबर) दिनेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना सरोना में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और अन्य जांच माध्यमों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

3/related/default