कोरबा। जिले में अपराधियों, फरार आरोपियों और अवैध गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत कोरबा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने एक ही दिन में 39 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने तथा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नीतीश ठाकुर कर रहे हैं। वहीं जिले के सभी अनुभागों के पुलिस अधिकारियों और थाना-चौकी प्रभारियों को फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए गए थे।
इसी क्रम में 5 जुलाई 2026 को जिलेभर में पुलिस टीमों ने सघन दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 6 स्थायी वारंट और 33 गिरफ्तारी वारंट तामील किए गए। इस प्रकार कुल 39 वारंटियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी न्यायालय द्वारा जारी वारंट के बावजूद लंबे समय से फरार थे। पुलिस उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही थी और योजनाबद्ध रणनीति के तहत कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने कहा कि जिले में अपराधियों, फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून से बचने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त और प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि "सजग कोरबा, सतर्क कोरबा" अभियान के तहत आने वाले दिनों में भी वारंट तामिली, अपराध नियंत्रण और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।




