मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने स्कूल संचालक अतुल पंवार की सांप के डसने से हुई मौत के मामले का सनसनीखेज खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, अतुल की पत्नी दामिनी ने अपने कथित प्रेमी और दो अन्य लोगों के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। आरोप है कि 20 लाख रुपये की जीवन बीमा राशि और प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस के मुताबिक, अतुल और दामिनी ने वर्ष 2019 में प्रेम विवाह किया था और दोनों मिलकर कृष्णा किड्स पब्लिक स्कूल का संचालन करते थे। इसी दौरान स्कूल के वैन चालक तुषार उर्फ निक्की से दामिनी के कथित प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद दोनों ने अतुल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
दूध में मिलाई नींद की गोलियां, फिर छोड़ा जहरीला करैत सांप
पुलिस का दावा है कि घटना वाली रात अतुल को दूध में अधिक मात्रा में नींद की गोलियां मिलाकर पिलाई गईं। जब वह गहरी नींद में बेहोश हो गए, तब तुषार ने अपने साथियों सोनू और उदय कुमार की मदद से जहरीला करैत सांप लाकर उनके कंबल में छोड़ दिया। सांप के डसने से अतुल की मौत हो गई।
मोबाइल जांच से सामने आई साजिश
घटना के बाद अतुल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बिस्तर में सांप मिलने से मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान दामिनी के मोबाइल फोन से तुषार के साथ लगातार संपर्क और अन्य डिजिटल साक्ष्य मिलने का पुलिस ने दावा किया। पूछताछ में कथित प्रेम संबंध और हत्या की साजिश का खुलासा होने की बात भी पुलिस ने कही है।
20 लाख के बीमा का भी एंगल
पुलिस के अनुसार, अतुल के नाम पर करीब 20 लाख रुपये का जीवन बीमा था। आरोप है कि बीमा राशि मिलने के बाद साजिश में शामिल सोनू और उदय को 5-5 लाख रुपये देने का वादा किया गया था। पुलिस ने यह भी दावा किया कि करीब 20 दिन पहले तुषार ने कार से कुचलकर अतुल की हत्या की कोशिश की थी, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण वह बच गए थे।
चार आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने इस मामले में दामिनी, तुषार उर्फ निक्की, सोनू और उदय कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।
नोट: इस मामले में लगाए गए सभी आरोप पुलिस के दावों पर आधारित हैं। अंतिम सत्य न्यायालय में प्रस्तुत साक्ष्यों और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही तय होगा।


