छुरी के राज ज्वेलर्स डकैती कांड का तीसरा मास्टरमाइंड कर्नाटक से गिरफ्तार, जेल से छूटने के बाद रची थी लूट की साजिश

CG.ई ख़बर


कोरबा।
कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत छुरी स्थित राज ज्वेलर्स में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज डकैती मामले में कटघोरा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने इस बहुचर्चित वारदात के फरार तीसरे और मास्टरमाइंड आरोपी विष्णु राठिया को कर्नाटक से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कोरबा जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम जिल्गा का निवासी है और घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था।

जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर एवं एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। थाना प्रभारी एम.बी. पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और सघन तलाश अभियान चलाते हुए आरोपी को कर्नाटक से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, विष्णु राठिया ही इस डकैती का मास्टरमाइंड था। उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर पूरी लूट की योजना बनाई थी। बताया जा रहा है कि जेल से रिहा होने के बाद उसने अपने साथियों के साथ राज ज्वेलर्स को निशाना बनाने की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने इससे पहले इस मामले में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। अब तीसरे और मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के साथ डकैती कांड का सफल खुलासा होने की बात कही जा रही है। आरोपी से पूछताछ के दौरान अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी सामने आने की संभावना है।

कटघोरा पुलिस की इस कार्रवाई को जिले की बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

3/related/default