CG ई खबर डॉनेट



Ads-Google

कोरबा में आवारा कुत्तों का आतंक: 5 वर्षीय मासूम को झुंड ने नोच डाला, अस्पताल में मौत, जनाक्रोश फूटा



(CG ई खबर | कोरबा जिला संवाददाता : नारायण चंद्राकर)

कोरबा जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित दादर में गुरुवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया। आवारा कुत्तों के झुंड ने 5 वर्षीय मासूम प्रकाश पटेल पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए आवारा कुत्तों पर नियंत्रण की मांग तेज कर दी है।

बताया गया कि मृतक प्रकाश पटेल, पिता किशोर पटेल, कक्षा पहली का छात्र था। परिवार मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का रहने वाला है और वर्तमान में रोजी-रोटी की तलाश में दादर क्षेत्र में रहकर मजदूरी करता है।

पिता से मिलने आया था बेटा, लौटते समय हुआ हमला

मृतक के पिता किशोर पटेल के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 4 बजे वह दादर में एक मकान निर्माण स्थल पर मजदूरी कर रहे थे। इसी दौरान उनका बेटा प्रकाश उनसे मिलने पहुंचा। कुछ देर बाद जब वह अकेले घर लौट रहा था, तभी रास्ते में 5 से 6 आवारा कुत्तों के झुंड ने अचानक उस पर हमला कर दिया।

मासूम की चीख-पुकार सुनकर पिता मौके पर दौड़े, लेकिन तब तक कुत्ते उसे बुरी तरह नोच चुके थे। बच्चे के सिर, गले और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई थीं। परिजन तत्काल उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल से प्राप्त मेमो के आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

नगर निगम पर उठे सवाल

इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि दादर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से आवारा कुत्तों का आतंक बना हुआ है, लेकिन नगर निगम द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। रहवासियों का आरोप है कि यदि समय रहते आवारा कुत्तों को पकड़ने और नियंत्रण की व्यवस्था की जाती, तो एक मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम से तत्काल विशेष अभियान चलाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है। यह हादसा शहर में आवारा पशुओं और विशेष रूप से आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads

ads

CG ई खबर
डिजिटल मीडिया
ओम प्रकाश पटेल
ओम प्रकाश पटेल
संस्थापक / संपादक