शराब के लिए पैसे मांगने से मना किया तो युवक से मारपीट, कत्ता लहराकर दी जान से मारने की धमकी; 5 आरोपी गिरफ्तार

CG.ई ख़बर


जांजगीर-चांपा।
चांपा थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा में शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे देने से इनकार करने पर युवक से मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम हथनेवरा निवासी भूपेन्द्र कुमार टंडन 12 जुलाई की शाम कोसमंदा के साप्ताहिक बाजार में मुर्गा खरीदने गया था। इसी दौरान मोहन कश्यप ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर मोहन कश्यप, लालू यादव, मुकेश कौशिक और उनके साथियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए युवक से हाथ-मुक्का और डंडे से मारपीट की।

आरोप है कि इसी दौरान मोहन कश्यप ने मुर्गा काटने वाला धारदार कत्ता हवा में लहराते हुए युवक को जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित ने चांपा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

विवेचना के दौरान पुलिस ने मोहन कश्यप (25), लालू यादव (28), मुकेश कुमार कौशिक (32), रमेश कुमार यादव (31) और महेन्द्र कौशिक (31) को गिरफ्तार किया। सभी आरोपी ग्राम कोसमंदा, थाना चांपा क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, सउनि भुवनेश्वर राठौर, आरक्षक प्रकाश द्विवेदी, मुद्रिका दुबे सहित थाना चांपा पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

3/related/default